रामपुर एचपीएस और आवेरी महिला मंडल ने मिलकर की पार्क की सफाई, जूट के थैले बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रामपुर बुशहर, 29 सितंबर मीनाक्षी
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रामपुर एचपीएस की ओर से बाजीर बावड़ी स्थित बायो-डायवर्सिटी पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत आयोजित किया गया। अभियान में रामपुर एचपीएस के कर्मचारियों के साथ आवेरी महिला मंडल की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान का नेतृत्व रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने किया। इस दौरान बायो-डायवर्सिटी पार्क परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। पार्क में जगह-जगह जमा कचरे और प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्रित कर निर्धारित स्थल तक पहुंचाया गया। अभियान के माध्यम से पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ प्राकृतिक एवं जैव-विविधता वाले क्षेत्रों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर आवेरी महिला मंडल की महिलाओं ने भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने पार्क परिसर की सफाई में सहयोग करते हुए स्थानीय समुदाय को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
अभियान के बाद प्लास्टिक और एकल उपयोग वाले प्लास्टिक (एसयूपी) के इस्तेमाल को कम करने के उद्देश्य से महिला मंडल की सदस्यों को जूट के थैले वितरित किए गए। इसके माध्यम से लोगों को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर पुनः उपयोग किए जा सकने वाले पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों पर कचरा न फैलाने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थल क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

