परियोजना की कार्यप्रणाली, संचालन दक्षता और तकनीकी प्रगति का लिया जायजा, स्वदेशी उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल को बताया आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अहम कदम
रामपुर बुशहर, 12 नवंबर
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बुधवार को रामपुर क्षेत्र में स्थित देश की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजना नाथपा झाकड़ी जल विद्युत परियोजना (NJHPS) का दौरा कर निरीक्षण किया। एसजेवीएन लिमिटेड द्वारा संचालित इस परियोजना के निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने परियोजना की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन संचालन, तकनीकी दक्षता और देश की ऊर्जा सुरक्षा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी ली।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक राजीव कपूर ने राज्यपाल को परियोजना के संचालन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने परियोजना में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, तकनीकी नवाचारों और स्वदेशी उपकरणों के बढ़ते उपयोग की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक और बेहतर संचालन व्यवस्था के माध्यम से परियोजना की कार्यक्षमता को बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने परियोजना में स्वदेशी तकनीक और भारत में निर्मित उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहल देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। नाथपा झाकड़ी जैसी बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं में स्वदेशी उपकरणों का उपयोग इस दिशा में उत्साहजनक कदम है।
उन्होंने परियोजना के सफल संचालन में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत और व्यावसायिक दक्षता की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में जलविद्युत परियोजनाओं का विशेष महत्व है। जल विद्युत न केवल ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करती है, बल्कि स्वच्छ और सतत विकास को बढ़ावा देने में भी अहम योगदान देती है।
उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके लिए देश में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग, आधुनिक तकनीक का विस्तार और ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आवश्यक है।
नाथपा झाकड़ी जल विद्युत परियोजना देश की प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं में शामिल है और हिमाचल प्रदेश की ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान है। राज्यपाल का यह दौरा परियोजना की तकनीकी उपलब्धियों, संचालन व्यवस्था और राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा में इसके योगदान को समझने के दृष्टिगत महत्वपूर्ण रहा।

