कंडाघाट से महिला तस्कर गिरफ्तार, 2.039 किलो अफीम बरामद
रामपुर बुशहर,14 अप्रैल मीनाक्षी
पुलिस थाना कुमारसैन को एक और बड़ी सफलता मिली है। बैकवर्ड लिंकेज जांच के दौरान पुलिस ने कंडाघाट क्षेत्र से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.039 किलोग्राम अफीम बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मी (46 वर्ष), निवासी जिला लमजुंग, नेपाल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कंडाघाट में “लक्ष्मी टी स्टॉल” संचालित कर रही थी। जांच में सामने आया है कि वह मादक पदार्थ तस्करी के संगठित नेटवर्क का हिस्सा थी।
पहले से गिरफ्तार आरोपियों से जुड़ा कनेक्शन
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला को अफीम की सप्लाई पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपियों द्वारा शिमला की ओर जाते समय रास्ते में दी गई थी। वह इस नेटवर्क की लिस्टेड होलसेल ग्राहक थी और आगे अवैध सप्लाई करने की तैयारी में थी।
कुल 11.5 किलो अफीम के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
अब तक इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और कुल मिलाकर करीब 11.5 किलोग्राम अफीम बरामद की जा चुकी है।
5 दिन की पुलिस रिमांड, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी महिला को 13 अप्रैल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
वहीं डीएसपी रामपुर बुशहर नरेश शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस पूरे नेटवर्क के और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। जिस पर पुलिस कार्य कर रही है।

