एलएचईपी स्टेज-1 से प्रभावितों के मुद्दों पर समीक्षा बैठक, फसल नुकसान और पुनर्वास मामलों पर हुई चर्चा

रामपुर सर्किट हाउस में विधायक नंद लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक, मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास के मुद्दे उठे

रामपुर बुशहर, 27 जून मीनाक्षी 

लूहरी जलविद्युत परियोजना (एलएचईपी) स्टेज-1 के निर्माण कार्यों से प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान, मकानों को हुए नुकसान तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर शनिवार को सर्किट हाउस रामपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल ने की।

बैठक में उपमंडल रामपुर की विभिन्न पंचायतों में लंबित फसल नुकसान आकलन मामलों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही ग्राम पंचायत करांगला एवं बराच में मकानों में आई दरारों तथा क्षति से संबंधित लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में 4 अक्टूबर 2025 को राजस्व मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर फसल क्षति के प्रतिशत एवं मुआवजा निर्धारण की समीक्षा की गई। निन्नू डंपिंग साइट से प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान के आकलन के लिए जोन निर्धारण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

ग्राम पंचायत दत्तनगर में वर्ष 2021-22 तथा 2022-23 के दौरान एलएचईपी स्टेज-1 के डंपिंग कार्य से प्रभावित फसल नुकसान के मामलों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा फसल मुआवजा आकलन के लिए निर्धारित 900 मीटर की अधिकतम दूरी में राहत प्रदान करने तथा दोई शरण क्षेत्र को मुआवजे के दायरे में शामिल करने की मांग भी बैठक में उठाई गई।

पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) से जुड़े मामलों में परियोजना प्रभावित परिवारों को रोजगार प्रदान करने, रोजगार विकल्पों में परिवर्तन, मोहल भद्राश के चार विस्थापित परिवारों के पुनर्वास तथा मोहल निराथ एवं भद्राश के छूटे हुए परिवारों के लिए पूरक आर एंड आर योजना तैयार करने पर चर्चा की गई।

बैठक में परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में जलमग्न होने से पूर्व आवश्यक आधारभूत सुविधाओं एवं विकास योजनाओं के निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं गैर-सरकारी सदस्यों ने बैठक में भाग लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

फोटो कैप्शन 

रामपुर बुशहर : बैठक में मौजूद विधायक नंदलाल व अधिकारी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *