रामपुर बुशहर, 21 मई मीनाक्षी
पुलिस थाना रामपुर में एक महिला की शिकायत पर HRTC कर्मचारी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 351(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि खड़गा निवासी बुध राम, जो HRTC रामपुर में कार्यरत है, पिछले तीन-चार वर्षों से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था। महिला का कहना है कि आरोपी कई बार न्यू बस स्टैंड रामपुर स्थित उसके क्वार्टर में जबरन आया और उसकी इच्छा के विरुद्ध गलत काम करता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे लगातार धमकाता था कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा। महिला ने शिकायत में कहा कि आरोपी की हरकतों से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान और प्रताड़ित हो चुकी है।
पुलिस थाना रामपुर में दर्ज FIR नंबर 60/2026 दिनांक 19 मई 2026 के अनुसार मामले की जांच एएसआई जनक राज, प्रभारी पुलिस चौकी सिटी रामपुर द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

