शिमला, 21 मई मीनाक्षी
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनावों को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। प्रदेश में पंचायत चुनाव का पहला चरण 26 मई को आयोजित किया जाएगा।
चुनाव इस बार भी पारंपरिक तरीके से मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से संपन्न करवाए जाएंगे। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग रंगों के करीब 60 लाख मतपत्र मुद्रित करवाए हैं। पंचायत प्रधान पद के लिए हल्के हरे रंग, उपप्रधान के लिए पीले रंग, पंचायत सदस्य के लिए सफेद, पंचायत समिति सदस्य के लिए गुलाबी तथा जिला परिषद सदस्य के लिए हल्के नीले रंग के मतपत्र निर्धारित किए गए हैं।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी का शेड्यूल तय
चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। पहले चरण के मतदान के लिए पोलिंग दल 24 और 25 मई को रवाना होंगे। दुर्गम और दूरदराज क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियां 24 मई को ही भेजी जाएंगी, जबकि अन्य क्षेत्रों के लिए 25 मई को रवाना किया जाएगा।
इसके अलावा दूसरे चरण के लिए 27 मई और तीसरे चरण के लिए 29 मई को पोलिंग पार्टियों को भेजने का कार्यक्रम तय किया गया है।
चुनाव ड्यूटी के लिए मांगी गईं 400 बसें
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव ड्यूटी और मतपेटियों के सुरक्षित परिवहन के लिए परिवहन निगम से 400 बसें उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। आयोग ने निगम प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि चुनाव कार्य में लगाई जाने वाली सभी बसें बेहतर स्थिति में हों, ताकि पोलिंग पार्टियों और चुनाव सामग्री को सुरक्षित एवं समय पर गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
जिला और उपमंडल स्तर पर इन बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से पूरा किया जा सके।

