स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच, ब्लड प्रोफाइल टेस्ट के साथ बांटी पीपीई किट
रामपुर बुशहर, 1 अक्तूबर मीनाक्षी
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 सितंबर को परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ के तहत निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर बुशहर तथा HelpAge India के सहयोग से आयोजित शिविर में रामपुर एचपीएस और ग्राम पंचायत जगातखाना से आए अनुबंधित स्वच्छता कर्मियों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान आयुर्वेदिक अस्पताल के सहयोग से कम्पलीट ब्लड प्रोफाइल टेस्ट भी करवाए गए। साथ ही, कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण किट वितरित की गई।
परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का उद्देश्य सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, कल्याण और सम्मान को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों को कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य-पद्धतियों, पीपीई एवं सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्य के दौरान संभावित जोखिमों की रोकथाम और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित हितधारकों के बीच सहयोग एवं समन्वय को मजबूत करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में रामपुर एचपीएस बायल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारी व कर्मचारी।

