रामपुर में अवैध खनन पर पुलिस का शिकंजा, तीन वाहन जब्त

दो डंपरों और एक टिप्पर से कुल 650 वर्ग फीट अवैध रेत बरामद, नए बस स्टैंड स्थित कबाड़ यार्ड में खड़े करवाए वाहन

रामपुर बुशहर, 7 नवम्बर मीनाक्षी 

 रामपुर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में रामपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरे तीन वाहनों को जब्त किया है। इनमें दो डंपर और एक टिप्पर शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

 कार्रवाई के दौरान एक डंपर से 350 वर्ग फीट अवैध रेत बरामद की गई, जबकि एक अन्य टिप्पर से 150 वर्ग फीट रेत पकड़ी गई। इसके अतिरिक्त बद्राश क्षेत्र में पुलिस ने तीसरे वाहन को भी 150 वर्ग फीट अवैध रेत के साथ कब्जे में लिया। इस तरह तीनों वाहनों से कुल 650 वर्ग फीट अवैध रेत बरामद की गई है।

पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त करने के बाद रामपुर के नए बस स्टैंड स्थित कबाड़ यार्ड में खड़ा करवा दिया है। पुलिस द्वारा वाहनों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

रामपुर थाना प्रभारी रमेश नेगी ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *