मार्ग की सुरक्षा, स्वच्छता और वर्तमान स्थिति का करेगी आकलन, एसडीएम हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने दी जानकारी
रामपुर बुशहर, 3 जुलाई मीनाक्षी
आगामी श्रीखंड महादेव यात्रा की तैयारियों के तहत शुक्रवार को फांचा गांव से श्रीखंड यात्रा मार्ग के निरीक्षण के लिए सात सदस्यीय टीम रवाना हुई। टीम मार्ग की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वच्छता का विस्तृत जायजा लेकर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण दल में अटल मॉनिटरिंग टीम के चार सदस्य, स्थानीय क्षेत्र के दो प्रशिक्षित युवक तथा वन विभाग का एक कर्मचारी शामिल है।
उन्होंने बताया कि टीम यात्रा मार्ग पर पैदल निरीक्षण करते हुए रास्ते की स्थिति, संभावित जोखिम वाले स्थानों, सुरक्षा प्रबंधों तथा स्वच्छता व्यवस्था का आकलन करेगी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
प्रशासन ने कहा कि श्रीखंड महादेव यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां चरणबद्ध तरीके से की जा रही हैं।

