स्पीति के छरमा (सीबकथोर्न) को मिला जीआई टैग, स्थानीय उत्पादों को मिलेगी नई पहचान


विधायक अनुराधा राणा ने मुख्यमंत्री, संबंधित विभाग और अमर सिंह के योगदान की सराहना की, महिलाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

केलांग/स्पीति 3 जुलाई 

लाहौल-स्पीति के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में स्पीति के छरमा (सीबकथोर्न) को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग मिल गया है। इस उपलब्धि पर विधायक अनुराधा राणा ने मुख्यमंत्री तथा संबंधित विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस विषय को उन्होंने विभिन्न मंचों पर लगातार उठाया था।

विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि स्पीति घाटी में इस क्षेत्र में लंबे समय से कार्य कर रहे अमर सिंह का इस उपलब्धि में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने अमर सिंह तथा इस प्रयास से जुड़े सभी सहयोगियों का भी धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि जीआई टैग मिलने से स्पीति घाटी के छरमा (सीबकथोर्न) और उससे तैयार होने वाले विभिन्न उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय किसानों, स्वयं सहायता समूहों तथा विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

अनुराधा राणा ने बताया कि इससे पहले लाहौल में निर्मित पारंपरिक दस्तानों और जुराबों को भी जीआई टैग प्राप्त हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि क्षेत्र के स्थानीय उत्पादों के संरक्षण, विपणन और आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *