रामपुर/किन्नौर, 11 अगस्त
सतलुज नदी में गाद (सिल्ट) की मात्रा लगातार बढ़ने के कारण नाथपा झाकड़ी जल विद्युत स्टेशन (NJHPS) को बंद किए जाने की संभावना बन गई है। परियोजना प्रबंधन की ओर से जारी महत्वपूर्ण सूचना में बताया गया है कि यदि गाद की स्थिति के कारण पावर स्टेशन को बंद करना पड़ा, तो नाथपा बांध से करीब 1,300 क्यूमेक्स अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है। इससे सतलुज नदी के जलस्तर में काफी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
संभावित स्थिति को देखते हुए नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन प्रबंधन ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को सतलुज नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और नदी के किनारे जाने से पूरी तरह बचने की सलाह दी गई है।
पानी के अतिरिक्त बहाव के कारण नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। ऐसे में नदी किनारे बसे क्षेत्रों, घाटों, पुलों के आसपास तथा नदी के नजदीक काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी का जलस्तर देखने या फोटो-वीडियो बनाने के लिए भी नदी के समीप न जाएं।
परियोजना प्रबंधन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन तथा संबंधित विभागों की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। सतर्कता और सावधानी ही संभावित खतरे से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

