एसजेवीएन और राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने दी आधुनिक तकनीक व सुरक्षा उपायों की जानकारी
रामपुर बुशहर, 19 मई मीनाक्षी
एसजेवीएन के नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन (एनजेएचपीएस) द्वारा राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (एनडीएसए) के सहयोग से मंगलवार को झाकड़ी में बांध सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बांध सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, जोखिम न्यूनीकरण तथा आपदा की स्थिति में बेहतर तैयारी सुनिश्चित करना रहा।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भुपेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम समुदायों को बांध सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक)अजय कुमार शर्मा ने कहा कि यह पहल विभिन्न हितधारकों के समन्वय, जन-जागरूकता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम है।
कार्यक्रम का शुभारंभ किन्नौर के उपायुक्त अमित शर्मा तथा राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण के सदस्य (प्रशासन एवं वित्त) सरव अग्रवाल
ने किया। कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर
ने कहा कि क्षेत्र में सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी), एनडीआरएफ, इसरो, एनआरएससी तथा राज्य प्रशासन के विशेषज्ञों और अधिकारियों ने बांध सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, मौसम पूर्वानुमान और समुदायों की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं। विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों और समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।
सामुदायिक संवाद सत्र में विशेष रूप से डाउनस्ट्रीम गांवों के लोगों ने अपनी समस्याएं, अनुभव और सुझाव साझा किए। लोगों ने सुरक्षा उपायों तथा प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। इसके साथ ही वृक्षारोपण अभियान तथा बाढ़ सुरक्षा और आपदा जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य फोकस बांध सुरक्षा, आपदा तैयारी, बाढ़ प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी पर केंद्रित रहा।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : कार्यक्रम के दौरान हरी झंडी दिखाते हुए डीसी व अन्य।

