देलठ पंचायत का 18 करोड़ का प्रदूषण मुआवजा लंबित, विधायक नंद लाल से लगाई गुहार

बंद पड़ी शिमला-देलठ बस सेवा बहाल करने और उठाऊ सिंचाई योजना शुरू करने की मांग

रामपुर बुशहर,26 जुन मीनाक्षी 

 रामपुर के विधायक एवं सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल ने शुक्रवार को परिधि गृह रामपुर में जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान विकास खंड ननखड़ी की देलठ पंचायत के प्रधान उमा दत्त शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत से जुड़े कई अहम मुद्दे विधायक के समक्ष उठाए।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लुहरी जलविद्युत परियोजना के निर्माण कार्य से देलठ पंचायत क्षेत्र प्रदूषण की समस्या से प्रभावित हो रहा है, लेकिन पंचायत को पिछले दो वर्षों से प्रदूषण मुआवजा नहीं मिला है। पंचायत का करीब 18 करोड़ रुपये का मुआवजा लंबित होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने शिमला-देलठ एचआरटीसी बस सेवा को भी पुनः शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि यह बस सेवा पिछले करीब तीन वर्षों से बंद पड़ी है, जिसके कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को शिमला आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने लुहरी जलविद्युत परियोजना के तहत प्रस्तावित उठाऊ सिंचाई योजना को जल्द शुरू करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि योजना के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक नंद लाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों और समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा इनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर उपप्रधान कैलाश शर्मा, एमएम गुप्ता, योगराज ठाकुर, प्रेम चौहान, सतीश कपूर, कृष्ण सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन 

रामपुर बुशहर : विधायक नंदलाल से मिलते हुए प्रभावित।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *