रामपुर के विकास कार्यों पर विधायक नंद लाल सख्त, लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

समीक्षा बैठक में सड़क, स्वास्थ्य, पार्किंग, बिजली, बस अड्डा, सीए स्टोर और गानवी में उप-तहसील खोलने सहित कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

रामपुर बुशहर, 4 अगस्त मीनाक्षी

रामपुर विधानसभा क्षेत्र की लंबित विकास परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को पंचायत समिति सभागार रामपुर में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया और अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में देलठ-नागाधार व जबला-खलेड़ा सड़क निर्माण, ननखड़ी महाविद्यालय भवन, खनेरी अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट, ननखड़ी बस अड्डा, रामपुर नगर परिषद में पार्किंग निर्माण, आईटीआई खड़ाहण के पास पैदल पुल, कुंगल बाल्टी स्वास्थ्य केंद्र भवन, आयुर्वेदिक अस्पताल में रिक्त पद, दत्तनगर में सीए स्टोर, गानवी में उप-तहसील खोलने तथा नगर परिषद क्षेत्र में बंदरों की समस्या सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
विभागीय अधिकारियों ने परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए लंबित मामलों की जानकारी दी। इस दौरान विधायक नंद लाल ने स्पष्ट कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को वन स्वीकृति, बजट या प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण अटकी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और सभी विभाग नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें। साथ ही भविष्य की समीक्षा बैठकों में प्रत्येक अधिकारी को एजेंडा के सभी बिंदुओं की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक का संचालन एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी।
बैठक में एसडीपीओ नरेश शर्मा, बीडीओ ननखड़ी मनोज कुमार, सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार योगेश कुमार, एसएमएस बागवानी संजय कुमार चौहान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, एचपीएमसी निदेशक भूपेश धीमान, पंचायत समिति रामपुर के वाइस चेयरमैन सुनील कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *