टापरी में दर्दनाक हादसा: सतलुज में गिरी कार, तीन की मौत



चगांव नाले के पास तड़के हुआ हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन; कई घंटे बाद चला हादसे का पता


टापरी (किन्नौर),


किन्नौर जिले के टापरी क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पुराने टापरी के समीप चगांव नाले के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए सतलुज नदी में समा गई। हादसे में कार सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया गया कि हादसा शनिवार सुबह करीब तीन बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर हुआ। ऑल्टो कार (एचपी-25ए-6113) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। तेज बहाव के कारण वाहन नदी में बह गया, जिससे हादसे की जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी।
सुबह करीब 11:40 बजे एक राहगीर की नजर नदी में कार के बोनट और टायर पर पड़ी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना टापरी के प्रभारी लालचंद चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम, जिला आपदा प्रबंधन और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
एसडीएम भावानगर नेहा नेगी तथा डीएसपी राजकुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने सतलुज के तेज बहाव से तीनों शव बाहर निकाले। मशीनरी की सहायता से शवों को सिविल अस्पताल भावानगर पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतकों की पहचान वाहन चालक एवं मालिक चंद्र कुमार (41), अमृत सिंह निवासी थैमगारंग, सांगला (किन्नौर) और पंकज कुमार (42) निवासी चच्योट, जिला मंडी के रूप में हुई है।
एसडीएम नेहा नेगी ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल राहत राशि प्रदान की गई है। वहीं, डीएसपी राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुख्य बिंदु
तड़के तीन बजे चगांव नाले के पास हुआ हादसा।
ऑल्टो कार 100 मीटर नीचे सतलुज नदी में गिरी।
राहगीर की सूचना के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान।
तीनों शव बरामद, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत राशि दी, पुलिस जांच में जुटी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *