शिमला,12 अगस्त
एसजेवीएन लिमिटेड ने बिहार के जमुई जिले में 75 मेगावाट क्षमता वाली जमुई सौर ऊर्जा परियोजना का वाणिज्यिक संचालन दिवस (COD) सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है। यह परियोजना एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (SGEL) द्वारा विकसित की गई है। परियोजना के शुरू होने से एसजेवीएन के अक्षय ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है।
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि परियोजना के शुरू होने से बिहार को स्वच्छ और हरित ऊर्जा उपलब्ध होगी। एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय शर्मा के अनुसार, परियोजना से पहले वर्ष में करीब 90 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है, जबकि 25 वर्षों की अवधि में लगभग 3,522 मिलियन यूनिट बिजली पैदा होगी।
करीब 300 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस परियोजना के लिए जमुई जिले के हधड़िया और ककनचौर गांव के निकट जमीन खरीदी गई है। परियोजना की अनुमानित लागत 1,342 करोड़ रुपये है। उत्पादित बिजली बिहार राज्य को उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना से मिलने वाली बिजली की दर 2.96 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को प्रतिस्पर्धी दर पर स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
एसजेवीएन के निदेशक (वित्त) पार्थाजीत डे ने बताया कि परियोजना ने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा किए हैं। इससे करीब 15 से 20 प्रत्यक्ष तथा लगभग 5,100 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के संचालन से हर साल बड़ी मात्रा में कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी। अनुमान के अनुसार, इससे करीब 82,250.74 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। यह उपलब्धि भारत सरकार के वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता हासिल करने के लक्ष्य में भी योगदान देगी।
यह परियोजना बिहार रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (BREDA), बिहार सरकार द्वारा जारी निविदा के तहत विकसित की गई है। जमुई सौर परियोजना का सफल संचालन एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी की देशभर में अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के विकास की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।

