नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन का निदेशक (परियोजनाएं) ने किया दौरा

उत्पादन, सुरक्षा और अनुरक्षण व्यवस्थाओं की ली जानकारी, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

रामपुर बुशहर,7 सितंबर मीनाक्षी 

एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने रविवार को 1500 मेगावाट क्षमता वाले नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा कर परियोजना में विद्युत उत्पादन, संचालन, अनुरक्षण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

परियोजना में पहुंचने पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने निदेशक (परियोजनाएं) का हिमाचली परंपरा के अनुसार स्वागत किया। इस दौरान परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

दौरे के दौरान राजेश कुमार चंदेल ने पावर हाउस, नियंत्रण कक्ष सहित परियोजना के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत उत्पादन की वर्तमान स्थिति, मशीनों की उपलब्धता, संयंत्र के संचालन तथा अनुरक्षण कार्यों की जानकारी ली। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने उन्हें परियोजना की उत्पादन स्थिति, तकनीकी पहलुओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

निदेशक (परियोजनाएं) ने अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों द्वारा सुरक्षित और विश्वसनीय विद्युत उत्पादन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन एसजेवीएन की महत्वपूर्ण परियोजना है और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में इसकी अहम भूमिका है। उन्होंने जल विद्युत परियोजनाओं में उत्पादन के साथ सुरक्षा, दक्षता और उपकरणों की विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

दौरे के दौरान उन्होंने प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया। इसके अलावा चंभु देवता महाराज मंदिर में दर्शन कर परियोजना की सफलता एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

अंत में उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने, परियोजना की उत्पादन क्षमता एवं दक्षता बनाए रखने तथा अनुरक्षण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फोटो कैप्शन 

रामपुर बुशहर : प्रबंधक निदेशक का स्वागत करते हुए परियोजना प्रमुख राजीव कपूर।

रामपुर बुशहर : परियोजना का दौरा करते हुए निदेशक व अन्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *