रामपुर बुशहर, 10 सितंबर मीनाक्षी
वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता-2026 के लिए रामपुर पूरी तरह तैयार है। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से वन विभाग के करीब 1000 अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिमला से ऑनलाइन माध्यम से करेंगे। वन विभाग ने आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतियोगिता के लिए पाटबंगला कॉलेज ग्राउंड, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर का खेल मैदान और दत्तनगर खेल मैदान को तैयार किया गया है।
अरण्यपाल, रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता में 32 खेलों के अंतर्गत 124 स्पर्धाएं आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी जहां जंगलों की सुरक्षा और विभागीय जिम्मेदारियों में जुटे रहते हैं, वहीं यह प्रतियोगिता उन्हें खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान करेगी।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए आयोजन की थीम “Swift in Sports and Devoted in Duty” को सार्थक बनाने की अपील की।
रामपुर वन वृत्त को करीब 23 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। आयोजन को सफल बनाने के लिए वन विभाग के कर्मचारियों ने पिछले एक माह से तैयारियां कीं। मैदानों की सफाई, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत की। आयोजन स्थल को तैयार करने में करीब एक सप्ताह तक श्रमदान भी किया गया।
पत्रकार वार्ता में डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह, डीएफओ किन्नौर अरविंद कुमार, डीएफओ आनी हरदेव नेगी और एसीएफ पब्लिसिटी देवेंद्र चौहान सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

