स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी की थीम पर जुटे एक हजार से अधिक खिलाड़ी
केहर सिंह खाची बोले- 2030 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने में वन विभाग की अहम भूमिका
रामपुर बुशहर, 11 सितंबर मीनाक्षी
हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का शुक्रवार को रामपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान वन विभाग के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया और मुख्य अतिथि ने सलामी ली। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों और विभागीय कर्मचारियों ने नशामुक्त हिमाचल बनाने की शपथ भी ली।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए केहर सिंह खाची ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश को वर्ष 2030 तक आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेश के सभी विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग की इको टूरिज्म जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी वनों की रक्षा के साथ-साथ पौधरोपण अभियान को भी गति दें, ताकि हिमाचल को और अधिक हरा-भरा बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2030 तक राज्य के हरित आवरण को 32 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने में वन कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
खाची ने कहा कि वनों की सुरक्षा में दिन-रात जुटे वन कर्मचारियों और कार्यालयी कार्यों में व्यस्त अधिकारियों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के चेयरमैन एवं मुख्य वन संरक्षक रामपुर सीबी ताशीलदार तथा वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह ने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि सहित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ी 32 खेलों के 124 इवेंट्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं के माध्यम से वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देंगे।
शुभारंभ अवसर पर पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ आलोक नागर, सीसीएफ अभिलाष दामोधरण, वन मंडलाधिकारी, अतिरिक्त वन मंडलाधिकारी, वन परिक्षेत्राधिकारी सहित वन विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : कार्यक्रम में मौजूद मुख्यातिथि व अधिकारी।

