सितंबर में भी दिखा गहरा गुलाबी रंग, स्वाद में सेब और नाशपाती का अनोखा मेल
बखोल
हिमाचल के सेब उत्पादन क्षेत्र में नई किस्मों के प्रयोग के बीच RMS बखोल में एक पेटेंटेड सेब किस्म का पहला नमूना तैयार हुआ है। 12 सितंबर को तैयार हुए इस नमूने में सितंबर माह में भी आकर्षक और गहरा गुलाबी रंग देखने को मिला है।
इस नई किस्म का रंग चीन में उत्पादित होने वाले फूजी सेब की याद दिलाता है। उत्पादकों के अनुसार यदि अगले वर्ष RMS बखोल में इसका बड़े स्तर पर उत्पादन सफल रहता है, तो यह किस्म भारतीय सेब बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकती है।
इटली से भारत तक पहुंची इस नई किस्म की सबसे खास विशेषता इसका स्वाद बताया जा रहा है। इसमें सेब और नाशपाती के स्वाद का अनोखा मिश्रण है, जो इसे सामान्य सेब की किस्मों से अलग बनाता है।
फिलहाल RMS बखोल में इसका केवल पहला नमूना तैयार हुआ है, लेकिन इसके रंग, आकार और स्वाद को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। अब अगले सीजन में इसके व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन और बाजार में स्वीकार्यता पर नजर रहेगी।
RMS बखोल में नई-नई सेब किस्मों के परीक्षण और प्रयोगों से बागवानी क्षेत्र में संभावनाओं के नए रास्ते तलाशे जा रहे हैं। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो आने वाले समय में यह किस्म भारतीय बाजार में एक नया नाम बन सकती है।

