नशा तस्करों पर शिमला पुलिस की बड़ी चोट, रामपुर के दो मामलों में 70 लाख की अवैध संपत्ति जब्त, चिट्ठा तस्करी से अर्जित लग्जरी गाड़ियां, सोना और बैंक जमा राशि फ्रीज, आर्थिक नेटवर्क तोड़ने की कार्रवाई तेज


रामपुर बुशहर, 27 जुन मीनाक्षी 

शिमला जिला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामपुर उपमंडल के दो मामलों में नशा तस्करों द्वारा अवैध कमाई से अर्जित करीब 70 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज और जब्त कर लिया है। पुलिस अब तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके आर्थिक तंत्र को भी ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है।

पहले मामले में 11 फरवरी 2025 को डिटेक्टिव सेल रामपुर ने साहिल नामक आरोपी से 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया था। जांच के दौरान गोविंद सिंह, राकेश कुमार, मनमोहन सिंह, दीपक और राकेश की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस की वित्तीय जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने नशे के कारोबार से करीब 32 लाख रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की थी, जिसमें लग्जरी वाहन, 44.1 ग्राम सोना और अन्य संपत्तियां शामिल हैं। इन सभी संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज कर दिया गया है।

दूसरा मामला शातिर तस्कर चेतन चौहान से जुड़ा है, जिसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज थे। PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई के बाद उसे 25 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर कैथू जेल भेजा गया। जांच में सामने आया कि उसने नशे के कारोबार से करीब 38 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित की थी। इसमें एक ट्रक, एक कार, 74 ग्राम सोना और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं था, लेकिन पिछले छह वर्षों में उन्होंने नशे के अवैध कारोबार से लाखों रुपये की संपत्ति खड़ी कर ली। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब नशा तस्करों के खिलाफ केवल मुकदमे दर्ज करने और गिरफ्तारियां करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में चार मामलों में छह आरोपियों की कुल 1.83 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पुलिस का उद्देश्य नशे के पूरे आर्थिक तंत्र को समाप्त करना है और आने वाले समय में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *