डीएवी न्यू शिमला के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में जीते 13 पदक

एक स्वर्ण, नौ रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया स्कूल का गौरव, 66 खिलाड़ियों ने लिया था हिस्सा

शिमला, 2 नवम्बर मीनाक्षी

डीएवी न्यू शिमला के विद्यार्थियों ने डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक अपने नाम किए। इनमें एक स्वर्ण, नौ रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में स्कूल के 66 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में अनाहिता ने ऊंची कूद में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। मुक्केबाजी में नैतिक ठाकुर ने रजत पदक जीता, जबकि शियांश, सार्थक और सनाया ने कांस्य पदक हासिल किए। बास्केटबॉल के बालक वर्ग में वंश और बालिका वर्ग में रवनीत ने रजत पदक जीतकर स्कूल को गौरवान्वित किया। वहीं, टेबल टेनिस में सुहानी ने प्रथम उपविजेता रहते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

कबड्डी प्रतियोगिता में भी डीएवी न्यू शिमला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में नवृति और जीवंतिका तथा अंडर-19 बालिका वर्ग में अक्षिता, आर्या और हिताक्षी ने रजत पदक हासिल किए। विशेष उपलब्धि यह रही कि पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ियों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी हुआ है।

स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश चंदेल ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए सभी पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का परिणाम है। इसमें प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की भी अहम भूमिका रही है।

उन्होंने खिलाड़ियों के अभिभावकों, प्रशिक्षकों और शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *