रामपुर बुशहर, 4 मार्च मीनाक्षी
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज राजदरबार रामपुर में रामपुर उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित कर रामपुर उपमंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्धता की गहन समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में चल रही विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करवाना तथा जनसुविधाओं को सुदृढ़ करना रहा।
बैठक के दौरान मंत्री ने लोक निर्माण विभाग एवं नगर परिषद रामपुर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इंदिरा मार्किट के समीप प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग निर्माण कार्य से संबंधित सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि नगर क्षेत्र में बढ़ती यातायात एवं पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत करवाया गया कि रामपुर उपमंडल में विभाग के माध्यम से कुल 19 प्रमुख (मेजर) कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें रामपुर विकास खण्ड में 13 तथा ननखरी विकास खण्ड में 06 कार्य शामिल हैं। मंत्री ने विशेष रूप से सड़कों, पुलों एवं भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर बल देते हुए निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री एवं कार्य निष्पादन में मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।
वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर वन अधिकार अधिनियम (FRA) से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वीकृत सड़कों एवं अन्य आधारभूत कार्यों के निर्माण में बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय से ही विकास कार्यों को गति प्रदान की जा सकती है।
जल शक्ति विभाग से तकलेच एवं डाकोलर क्षेत्रों में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए मंत्री ने कार्यों में तेजी लाने तथा कार्यस्थलों पर पर्याप्त संसाधन एवं मानवबल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से सीवरेज परियोजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनका समय पर पूर्ण होना आवश्यक है।
विद्युत विभाग द्वारा बैठक में बताया गया कि रामपुर उपमंडल में कुल 53,500 विद्युत मीटर स्थापित हैं, जिनमें से 51,000 मीटर को स्मार्ट मीटर में परिवर्तित किया जा चुका है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को निर्बाध एवं सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नियमित रखरखाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही क्षेत्रवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विभागीय स्तर पर समन्वित कार्यप्रणाली अपनाई जाए।
बैठक में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) हर्ष अमरेन्द्र सिंह, उपमंडल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी राजेन्द्र नेगी, नायब तहसीलदार सुरेश नेगी, वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरुहर्ष सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण प्रदीप ठाकुर, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति रणबीर नेगी, अधिशाषी अभियंता विद्युत कुकू शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

