रामपुर बुशहर,10 मार्च मीनाक्षी
रामपुर के सर्किट हाउस में आज बुशहर शिक्षक संघ की संविधान एवं कार्यप्रणाली दर्शिका का विधिवत विमोचन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कमलेश बिष्ट, असिस्टेंट प्रोफेसर तिलक भारद्वाज तथा सेवानिवृत्त प्रवक्ता सुरेंद्र ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके करकमलों द्वारा संघ की इस महत्वपूर्ण कार्यप्रणाली दर्शिका का औपचारिक विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष सुंदर सिंह टेगौर, चीफ पैट्रन राजेश कुमार, उपाध्यक्ष हेमराज कायस्थ, महासचिव अशोक मेहता, संगठन सचिव खेमचंद चौहान सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने संगठन की एकता, सक्रियता और भविष्य की योजनाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान बुशहर शिक्षक संघ के उद्देश्यों, संगठनात्मक संरचना और कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यह दर्शिका संगठन के कार्यों को दिशा देने के साथ-साथ शिक्षक समाज के अधिकारों, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अतिथियों और सदस्यों ने संघ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दर्शिका में निर्धारित उद्देश्य शिक्षक समाज की उन्नति, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा समाज में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने की भावना को ध्यान में रखकर तय किए गए हैं। उन्होंने आशा जताई कि यह कार्यप्रणाली दर्शिका भविष्य में संघ के कार्यों को और अधिक संगठित, प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के अंत में संघ की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
डॉ जितेंदर साहनी,मूल राज कपूर,तिलक राज,समर कयत,निरंजन शर्मा,चेतन शर्मा, प्रभात चंद, कनक हास्ता, मंजना शर्मा, मंजू शर्मा, विजय कानैन आदि माजूद रहें।

