रामपुर बुशहर,31 जुलाई मीनाक्षी
क्रिकेट प्रतियोगिताओं में आमतौर पर चौके-छक्कों की चर्चा होती है, लेकिन कस्तैन–शिलाभावी के अशोक मेमोरियल क्रिकेट क्लब ने खेल को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर एक नई मिसाल पेश की। क्लब ने प्रतियोगिता के दौरान हर डॉट बॉल पर एक पौधा और हर हैट्रिक पर तीन पौधे लगाने का संकल्प लिया था, जिसे अब वन विभाग के सहयोग से पूरा कर दिया गया।
पौधारोपण अभियान में क्लब के सदस्यों, खिलाड़ियों और वन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि युवाओं में यह संदेश देना था कि खेल समाज और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी प्रभावी माध्यम बन सकता है।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल को खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों का अच्छा सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी खेल आयोजनों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियान जारी रखे जाएंगे। इस अनूठी पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है और इसे खेल के माध्यम से हरियाली बढ़ाने की प्रेरणादायक शुरुआत माना जा रहा है।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : पौधरोपण के दौरान युवा।

