शिमला,27 अप्रैल मीनाक्षी
रोहड़ू के कुलगांव में देर रात हवाई फायरिंग के दौरान एक महिला की गोली लगने से मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब मुख्य कार्यक्रम रात करीब 10 बजे समाप्त हो चुका था, जबकि हादसा करीब 1 बजे घटित हुआ। महिला का नाम रितिका बेतिया बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली चलाने वाला व्यक्ति न तो देवालुओं में शामिल था और न ही देवता कमेटी का सदस्य, बल्कि एक दर्शक बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बाद कुछ लोग मौके पर मौजूद थे, इसी दौरान हवाई फायरिंग की गई, जो महिला के लिए घातक साबित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस दुखद घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और शोक व्याप्त है। लोग ऐसी लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

