रामपुर बुशहर,20 अप्रैल मीनाक्षी
नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के फायर स्टेशन में सोमवार को फायर सर्विस वीक–2026 का समापन समारोह गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एनजेएचपीएस राजीव कपूर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट कौशलेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि राजीव कपूर ने फायर सर्विस कर्मियों की तत्परता, समर्पण और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर फायर सर्विस वीक के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं—निबंध, स्लोगन और क्विज—के विजेताओं को मुख्यातिथि द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान फायर विंग के अधिकारियों और कर्मियों ने सप्ताह भर चली जागरूकता और प्रशिक्षण गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण भी प्रस्तुत किया।
इन गतिविधियों में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया, फर्स्ट एड तथा एलपीजी सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम शामिल थे। इनका उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपात स्थितियों में सही प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना था।
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की गई।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों के साथ परियोजना प्रमुख।

