रामपुर बुशहर, 27 अप्रैल मीनाक्षी
एसजेवीएन लिमिटेड और एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा कर परियोजना के संचालन और वित्तीय प्रदर्शन की समीक्षा की। इस दौरान एसजेवीएन के निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे और एनएचपीसी के निदेशक (वित्त) महेश कुमार शर्मा ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
दौरे के दौरान परियोजना प्रमुख विकास मरवाह और लुहरी जलविद्युत परियोजना के प्रमुख विवेक शर्मा ने अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद अधिकारियों ने पावर हाउस का निरीक्षण किया और परियोजना की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
इस अवसर पर विकास मरवाह ने एक विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से परियोजना के संचालन, उपलब्धियों और वित्तीय पहलुओं की जानकारी दी। बैठक में उत्पादन क्षमता बढ़ाने और संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी गहन चर्चा की गई।
निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे ने रामपुर परियोजना के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए बताया कि 31 मार्च 2026 को 2108.033 मिलियन यूनिट का अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। साथ ही परियोजना के 10 वर्ष पूरे होने पर टीम की मेहनत और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना संचालन दक्षता और वित्तीय प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण है।
वहीं, एनएचपीसी के निदेशक (वित्त) महेश कुमार शर्मा ने भी परियोजना की प्रगति को सराहनीय बताते हुए तकनीकी दक्षता और वित्तीय प्रबंधन के बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने टीम को भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
दौरे के दौरान दोनों अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के संदेश के रूप में पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर एसजेवीएन के वरिष्ठ अधिकारी और रामपुर परियोजना के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

