रामपुर सर्कल ने हासिल किया दूसरा स्थान, तीन दिन तक 32 खेलों में दिखा खिलाड़ियों का दमखम
रामपुर बुशहर, 13 सितंबर मीनाक्षी
हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का रविवार को रामपुर के पाटबंगला मैदान में समापन हुआ। तीन दिन तक चली प्रतियोगिता में हमीरपुर फोरेस्ट सर्कल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान रामपुर सर्कल की टीम दूसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे महिला एवं पुरुष अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। करीब 124 इवेंट्स में 32 खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
वॉलीबॉल महिला वर्ग में मंडी और पुरुष वर्ग में शिमला की टीम विजेता रही। बास्केटबॉल पुरुष वर्ग में बिलासपुर तथा महिला वर्ग में हमीरपुर ने बाजी मारी। फुटबॉल पुरुष वर्ग में धर्मशाला और कबड्डी पुरुष वर्ग में हमीरपुर की टीम ने खिताब जीता।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डा. संजय सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीमों और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
डा. संजय सूद ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान कर्मचारियों ने ‘स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी’ की भावना को पूरी तरह चरितार्थ किया। उन्होंने कहा कि खेल कर्मचारियों में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।
सीएफ रामपुर ने प्रतिभागियों को दी बधाई
प्रतियोगिता के चेयरमैन एवं सीएफ रामपुर सीबी ताशीलदार तथा वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार होती रहती है, लेकिन तीन दिनों तक प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए रामपुर सर्कल की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों और कर्मचारियों ने ‘स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी’ की भावना के अनुरूप शानदार प्रदर्शन किया।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : प्रतियोगिता के दौरान मौजूद अधिकारी व अन्य।

