परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
रामपुर बुशहर, 17 सितंबर, मीनाक्षी
विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार तथा एसजेवीएन निगम मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के तहत नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना परिसर झाकड़ी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह से हुई।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एनजेएचपीएस ई. राजीव कपूर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया।
पखवाड़े के तहत हेल्पएज इंडिया की ओर से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से बसरा गांव के लोगों को भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके जरिए स्थानीय लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए क्विज, पेंटिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, स्वच्छ जल संचय, वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा स्वच्छता अभियान, स्वच्छता रैली और अन्य जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य परियोजना के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
फोटो कैप्शन
रामपुर बुशहर : शपथ ग्रहण करते हुए अधिकारी व कर्मचारी।

