दुग्ध उत्पादकों को मिली राहत, चिलिंग सेंटरों में पूर्ववत होगी दूध की खरीद; गुणवत्ता मानकों के सख्त पालन के निर्देश
रामपुर बुशैहर, 9 जून मीनाक्षी
दत्तनगर स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक प्रसंघ के दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र ने दूध संग्रहण पर लगाए गए अस्थायी स्थगन आदेश को वापस ले लिया है। इकाई प्रभारी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 8 जून को जारी दूध संग्रहण स्थगन संबंधी आदेश में संशोधन करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक निरस्त कर दिया गया है।
आदेश के तहत सभी चिलिंग सेंटर प्रभारियों, सहकारी समितियों के सचिवों, परिवहनकर्ताओं तथा दुग्ध उत्पादकों को सूचित किया गया है कि दूध संग्रहण का कार्य अब पूर्ववत प्रारंभ किया जाएगा। सभी चिलिंग सेंटरों में प्रचलित खरीद नीति एवं संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार दूध की खरीद जारी रहेगी।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि दूध की गुणवत्ता बनाए रखने तथा दुग्ध उत्पादकों के हितों की सुरक्षा के लिए मुख्यालय द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों, दूध की अम्लता (Acidity) संबंधी नियमों एवं अन्य निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दूध संग्रहण पर अस्थायी रोक लगाए जाने से हजारों दुग्ध उत्पादकों में चिंता का माहौल था। अब आदेश वापस लिए जाने से दुग्ध उत्पादकों, सहकारी समितियों और परिवहनकर्ताओं को बड़ी राहत मिली है। संयंत्र प्रबंधन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं।

